गौतमबुद्धनगर, 29 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद गौतमबुद्धनगर में 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मुख्यालय के साथ-साथ तहसील स्तर पर भी किया जाना प्रस्तावित है, जिसकी अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत की अध्यक्षता में आज एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और लोक अदालत की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिक से अधिक मामलों के चिन्हांकन और निस्तारण पर जोर
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित किया जाए, ताकि उनका आपसी सहमति के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही चिन्हित मामलों में पक्षकारों को समय से नोटिस और सम्मन भेजने के निर्देश भी दिए गए, जिससे अधिकाधिक मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत किया जा सके।
प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश, जनभागीदारी पर फोकस
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि अपने-अपने विभागों और क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उद्देश्य है कि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान हो और आम नागरिकों को त्वरित न्याय मिल सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत के साथ सहायक पुलिस उपायुक्त (यातायात) शकील मोहम्मद, जिला अग्रणी प्रबंधक राजेश कटारिया, प्रशासनिक अधिकारी बीएसएनएल प्रमोद कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (राजस्व) अनुराग सारस्वत तथा एनपीसीएल के वरिष्ठ प्रबंधक अमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।