गौतमबुद्धनगर में पिंक रोजगार मेले का सफल आयोजन, 486 युवतियों ने लिया हिस्सा; 263 को मिला नियुक्ति-पत्र

0 46

गौतमबुद्धनगर: महिला सशक्तिकरण और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन विभाग, गौतमबुद्धनगर ने राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया। रोजगार मेले का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम समेत कई अधिकारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 17 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। 300 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन और 186 ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया। इस तरह कुल 486 छात्राओं और युवतियों ने रोजगार मेले में हिस्सा लिया। साक्षात्कार के बाद 263 अभ्यर्थियों का चयन किया गया और उन्हें नियुक्ति-पत्र दिए गए।

शिक्षित युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर

पिंक रोजगार मेले का उद्देश्य शिक्षित और रोजगार की इच्छुक छात्राओं तथा युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और प्रतिभा के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक तेजपाल नागर, जिलाधिकारी मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्या दीपिका दुबे और आर्या फैशन्स की संस्थापिका खुशबू सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।

रोजगार संवर्धन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर

रोजगार मेले के दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर और युवा शक्ति फाउंडेशन के बीच रोजगार संवर्धन के लिए एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए। अधिकारियों के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य युवतियों को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उद्योग जगत से सीधे जोड़ना है।

तेजपाल नागर बोले- आर्थिक आत्मनिर्भरता महिला सशक्तिकरण की अहम कड़ी

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिंक रोजगार मेले जैसे आयोजन युवतियों को रोजगार देने वाली कंपनियों से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डीएम ने युवतियों से कहा- अपनी प्रतिभा पहचानें और आगे बढ़ें

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने छात्राओं और युवतियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें अपनी पहचान खुद बनाने के लिए लगातार आगे बढ़ना होगा। उन्होंने मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए लगातार प्रयास किया जाता है।

उन्होंने पिंक रोजगार मेले को एक अनूठी पहल बताते हुए कहा कि यह उन बेटियों के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं या विद्यालय से आगे की शिक्षा की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यहां आई विभिन्न कंपनियां युवतियों की प्रतिभा के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

जिलाधिकारी ने छात्राओं से कहा कि उनके भीतर अपार शक्ति और क्षमता है। जरूरत इस बात की है कि वे अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य को पहचानें और उसका सही दिशा में इस्तेमाल कर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि नागरिक समाज और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी छात्राओं से संवाद कर रहे हैं और उनके साथ आगे बढ़ने के इच्छुक हैं।

17 कंपनियों ने मेले में किया प्रतिभाग

रोजगार मेले में आर्या फैशन्स, युवा शक्ति फाउंडेशन, स्पेरी टेक्नो सॉल्यूशंस, आईएलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स, मदरसन मेट, सनन, सिद्धी इंपोर्टेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नवितस्य, फुरुकवा मिंडा, आर्टेमिस हॉस्पिटल, सथ्या विकास, मिंडा कॉर्पोरेशंस, युवा शक्ति स्किल इंडिया, कीटिंग प्रेस्टिज, दक्षिण राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स, गुजरात हेल्थकेयर और मिकम इंडिया समेत कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने सभी कंपनियों का आभार जताते हुए कहा कि यह शुरुआत आगे भी जारी रखी जाएगी, ताकि युवतियों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिल सकें।

समय-समय पर आयोजित होते हैं रोजगार मेले

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया।

उन्होंने बताया कि मेले में अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया और अभ्यर्थियों की योग्यता एवं प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार के बाद चयन किया गया। कार्यक्रम में कंपनियों के प्रतिनिधियों, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्राएं और युवतियां मौजूद रहीं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.