PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर दी बधाई

0 74

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने सोमवार को मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश ( Mizoram and Arunachal Pradesh) के लोगों को उनके राज्य की स्थापना दिवस की बधाई दी। पीएम मोदी ने कामना की कि आने वाले वक्त में पूर्वोत्तर के ये प्रदेश विकास की नयी ऊंचाइयों को छूएं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मिजोरम के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं। मिजोरम अपनी प्राकृतिक सुंदरता, मेहनती लोगों और उत्कृष्ट मिजो संस्कृति के लिए जाना जाता है। आने वाले समय में मिजोरम के लोगों की आकांक्षाएं पूरी होती रहें।” उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के लोगों को भी उनके राज्य की स्थापना दिवस पर बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘गतिशीलता और देशभक्ति का पर्याय बने अरुणाचल प्रदेश के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। राज्य के लोगों ने कई क्षेत्रों में भारत की प्रगति में योगदान दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि अरुणाचल प्रदेश आने वाले वर्षों में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छूता रहे।” मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश दोनों को आज ही के दिन 1987 में राज्य का दर्जा दिया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि ये राज्य भारत की समृद्ध संस्कृति और विविधता का प्रतिनिधित्व करते हैं। आज ही के दिन 1987 में अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम को केंद्र शासित प्रदेश की जगह राज्य का दर्जा मिला था।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के लोगों को राज्य स्थापना दिवस पर बधाई। ये राज्य भारत की समृद्ध संस्कृति और विविधता का प्रतिनिधित्व करते हैं। हाल ही में अपनी यात्रा के दौरान मिजोरम में गर्मजोशी भरे स्वागत से मैं बहुत प्रभावित हुई हूं। मैं आज ईटानगर में स्थापना दिवस समारोह में शिरकत करने को लेकर काफी उत्सुक हूं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.