पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार गठन की तैयारी तेज, अमित शाह की मौजूदगी में शुक्रवार को चुना जाएगा विधायक दल का नेता, 9 मई को होगा भव्य शपथ ग्रहण

0 28

कोलकाता: विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद अब राज्य के नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी नेतृत्व शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला करेगा। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच रहे हैं, जहां उनकी मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की जाएगी।

भाजपा की इस बैठक पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसी बैठक में पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

अमित शाह की मौजूदगी में होगी विधायक दल की बैठक

भाजपा सूत्रों के मुताबिक नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक शुक्रवार शाम चार बजे कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी। बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा होगी।

पार्टी नेतृत्व इस बैठक को बेहद अहम मान रहा है और इसके लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। अमित शाह की मौजूदगी को भी राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर दी थी, जबकि इस बार के चुनाव में उन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है।

पार्टी के भीतर उन्हें मजबूत संगठनात्मक और जनाधार वाले नेता के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक में ही लिया जाएगा।

9 मई को ब्रिगेड परेड मैदान में होगा शपथ ग्रहण

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई, शनिवार को आयोजित किया जाएगा। यह समारोह कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। खास बात यह है कि यह आयोजन कविगुरु रवींद्रनाथ टैोर की जयंती के अवसर पर हो रहा है, जिसे भाजपा विशेष राजनीतिक और सांस्कृतिक संदेश के रूप में भी देख रही है।

प्रधानमंत्री मोदी समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा शासित करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। समारोह को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

राज्य में पहली बार भाजपा सरकार बनने के बाद पार्टी इसे ऐतिहासिक क्षण के तौर पर पेश करने की तैयारी में जुटी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.