हर घर तिरंगा अभियान को लेकर गौतमबुद्धनगर में तैयारियां तेज, 9 से 17 अगस्त तक चलेगा देशभक्ति का महाअभियान

0 23

गौतमबुद्धनगर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वर्चुअल समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अभियान की चरणबद्ध कार्ययोजना, विभागवार जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक संस्थानों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए।

तिरंगा थीम पर होंगे कई कार्यक्रम

अभियान के दौरान विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा आधारित सजावट, हर घर तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, चित्रकला, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। स्थानीय बाजारों में भी तिरंगा थीम पर सजावट और प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े शहीद स्मारकों, मुख्य द्वारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण भी समय से पूरा कराया जाएगा।

गांवों में अमृत सरोवरों पर होंगे कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी ग्राम पंचायतों में अभियान की तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा गांवों में बने अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण, तिरंगा सजावट और जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बाजारों और औद्योगिक इकाइयों में भी लहराएगा तिरंगा

जिला पूर्ति अधिकारी को सभी उचित दर विक्रेताओं और खादी भंडारों पर सामूहिक गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य कर विभाग को व्यापार मंडलों, औद्योगिक संगठनों और व्यापारियों के सहयोग से बाजारों, प्रतिष्ठानों तथा औद्योगिक इकाइयों में अधिक से अधिक राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगा आधारित सजावट कराने को कहा गया है।

स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक आयोजन

बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग और जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में खेलकूद, निबंध, चित्रकला, भाषण, सामान्य ज्ञान और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

वंचित वर्गों की भी सुनिश्चित होगी भागीदारी

समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित संबंधित विभागों को वृद्धाश्रमों, दिव्यांगजन संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, निराश्रित आश्रमों और बाल संरक्षण गृहों में विशेष कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर ध्वजारोहण और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए समाज के प्रत्येक वर्ग की अभियान में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

तिरंगा मेला, रैली और प्रभात फेरी का होगा आयोजन

अभियान के तहत तिरंगा मेला, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, तिरंगा रैली, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों के साथ एक जनपद एक उत्पाद से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। नागरिकों को www.harghartiranga.com पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों से अभियान सफल बनाने की अपील

जिलाधिकारी ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों, औद्योगिक संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजार एवं व्यापारी संगठनों, आवासीय सोसायटियों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने घरों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाएं।

राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े प्रोटोकॉल का होगा कड़ाई से पालन

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकारी कार्यालयों, प्रशासनिक कार्यक्रमों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’ और ‘जन गण मन’ के गायन एवं वादन से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

बैठक में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के भी निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण तथा तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी सहभागिता के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.