UP Weather Today: यूपी में मानसून का दमदार कमबैक, पश्चिमी यूपी के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बढ़ा खतरा

0 19

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव और प्रदेश के ऊपर सक्रिय मौसमी तंत्रों के असर से अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच संभल में बारिश के दौरान जर्जर मकान की छत गिरने से एक मासूम बच्ची और उसकी ताई की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हो गए।

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ी मानसून की सक्रियता

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट को पार करते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और मानसूनी ट्रफ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते प्रदेशभर में अगले तीन दिनों तक व्यापक वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

संभल में बारिश बनी हादसे की वजह

लगातार हो रही बारिश के बीच संभल जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया। जर्जर मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर एक मासूम बच्ची और उसकी ताई की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जारी है।

शाकंभरी धाम में बढ़ी सतर्कता

शिवालिक पहाड़ियों में लगातार हो रही बारिश का असर सहारनपुर क्षेत्र में भी देखने को मिला। शाकंभरी खोल समेत आसपास की नदियां उफान पर रहीं। तेज जल प्रवाह को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से 28 और 29 जुलाई को यात्रा टालने की अपील की थी। हालांकि चतुर्दशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जलस्तर सामान्य होने के बाद प्रशासन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन के लिए भेजा।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बदायूं, शाहजहांपुर, फतेहपुर, उन्नाव, रायबरेली, हरदोई, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज और बुंदेलखंड के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की गई है।

बीते 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार बिजनौर में सबसे अधिक 80 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में 79 मिमी, सहारनपुर शहर में 74 मिमी, बिजनौर के धामपुर में 70 मिमी और लखीमपुर खीरी के निघासन में 65.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.