आयुर्वेद की तरफ बढ़ रहा देश, पीएम मोदी ने किया 3 संस्थानों का उद्घाटन, रिसर्च के लिए संघ भी बनेगा

0 409

नई दिल्ली: पधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (12 दिसंबर) को देश को किफायती, सुलभ और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस तीन राष्ट्रीय आयुष संस्थान लोकार्पित किए। पीएम मोदी ने गोवा स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, गाजियाबाद स्थित राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान और दिल्ली स्थित राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान का गोवा से डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया विभिन्न उपचार शैलियों को आजमाकर आयुर्वेद की प्राचीन उपचार पद्धति की तरफ लौट रही है। उन्होंने कहा कि देश में जल्द राष्ट्रीय आयुष अनुसंधान संघ बनेगा।

बता दें कि, पीएम मोदी नौवें विश्व आयुर्वेद सम्मेलन और आरोग्य एक्सपो के समापन सत्र को संबोधित करने के लिए गोवा पहुंचे थे। आयुष मंत्रालय की तरफ से आयोजित आयुर्वेद सम्मेलन में 50 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग समझते हैं कि आयुर्वेद, केवल उपचार के लिए है, मगर इसकी खूबी ये भी है कि आयुर्वेद हमें जीवन जीने का तरीका सिखाता है। आयुर्वेद हमें सिखाता है कि हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर की तरह शरीर और मन एक साथ स्वस्थ रहने चाहिए, उनमें तालमेल रहना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि आयुर्वेद, उपचार से भी आगे बढ़कर कल्याण की बात करता है और कल्याण को बढ़ावा देता है। पूरी दुनिया भी अब तमाम परिवर्तनों और प्रचलनों से निकलकर इस प्राचीन जीवन दर्शन की ओर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि भारत में इसको लेकर काफी पहले से ही काम शुरू हो चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे भरोसा है कि ये तीनों संस्थान आयुष हेल्थ केयर व्यवस्था को नई गति देंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.