दूसरे के खाते में क्रेडिट हो गई डॉक्‍टर की सैलरी, कालेधन की वापसी की किस्‍त समझ रकम निकाल दुबई चला गया खाता धारक

0 373

नई दिल्ली: लखनऊ के एक डॉक्टर की तनख्वाह प्रयागराज में दूसरे के खाते में क्रेडिट हो गई। खाताधारक ने कालेधन वापसी की किस्‍त समझकर रकम निकाली और दुबई चला गया। डॉक्टर की शिकायत पर सीएमओ ने जांच के आदेश दिए हैं।

वर्ष 2017 फैजाबाद से महिला डॉक्टर का तबादला लखनऊ सीएमओ के अधीन हुआ था। महिला डॉक्टर की तैनाती गोसाईंगंज सीएचसी में हुई। यहां डॉक्टर के एक माह की करीब 75 हजार रुपये वेतन खाते में नहीं पहुंचा। डॉक्टर ने अधिकारियों से शिकायत की। सीएमओ ने जांच कराई तो पता चला पगार प्रयागराज के बैंक में पहुंच गई। दोनों का बैंक एक ही है। चूक से दूसरे के खाते में पैसे पहुंच गए। आनन-फानन सीएमओ कार्यालय की तरफ से बैंक से रकम निकालने पर रोक लगाने संबंधी पत्र लिखा। तब तक खाताधारक कासिम ने पैसे निकाल लिए। अफसरों ने पुलिस से जानकारी साझा की।

पुलिस ने खाताधारक कासिम से फोन पर संपर्क किया। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की तनख्वाह गलती से आ गई है, उसे लौटा दीजिए। उसने कहा यह काले धन की पहली किस्‍त है। यह कहते हुए फोन काट दिया। इससे पहले पुलिस उस पर नकेल कस पाती वह दुबई चल गया। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक यह मामला काफी पुराना है। इसकी जांच कराई जा रही है। संबंधित लिपिक से भी जानकारी मांगी गई है। जांच में पाए गए दोषी पर कार्रवाई होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.