Yogi Government 2.0 : आज से यूपी में फिर योगी राज,लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार…

0 832

Yogi Government 2.0 : मैं आदित्यनाथ योगी ईश्वर की शपथ लेता हूं… इस लाइन के साथ ही यूपी में फिर से योगी राज शुरू हो जाएगा। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 4 बजे योगी दूसरी बार मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। 49 साल के योगी प्रदेश के 38वें मुख्यमंत्री होंगे। 19 साल बाद योगी पहले ऐसे सीएम बनने वाले हैं जो विधानसभा चुनाव में रहकर मुख्यमंत्री बन रहे हैं। योगी से पहले 2003 में मुलायम सिंह यादव विधायक का चुनाव लड़ कर मुख्यमंत्री बने थे। पिछली बार योगी विधान परिषद से चुने गए और मुख्यमंत्री बने। गुरुवार शाम को विधायक दल की बैठक में अमित शाह की मौजूदगी में योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री चुना लिया गया।
योगी 2.0 का शपथ मंच तैयार है।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत 12 भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। योग गुरु बाबा रामदेव, मठों और मंदिरों के महंत, के साथ बड़े-बड़े उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया है। इसके अलावा विपक्ष की नेता सोनिया गांधी, प्रियंका- राहुल, मुलायम सिंह,अखिलेश यादव और मायावती को भी न्योता भेजा गया है। हालांकि अखिलेश ने पहले ही शपथ ग्रहण में शामिल होने से मना कर दिया है।
विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 403 में से 273 सीट जीत कर प्रचंड बहुमत हासिल की है। इसके साथ ही भाजपा ने 37 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। लगातार दूसरी बार किसी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। इससे पहले 1980 के बाद 1985 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जोरदार वापसी की थी। इसके बाद लगातार 37 साल हो गए, लेकिन कोई पार्टी दोबारा सरकार नहीं बना सकी।

बीजेपी ने शपथ ग्रहण को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 2024 के लिए पार्टी अपने एजेंडे हिंदुत्व को और धार देने की तरफ बढ़ रही है। इसी कारण शपथ से पहले प्रदेश के 27 हजार मंदिरों में पूजा होगी। अयोध्या, काशी और मथुरा के मंदिरों में पूजा और शंखनाद होगा। सीएम योगी की नगरी गोरखपुर में भी 200 से ज्यादा स्क्रीन पर शपथ ग्रहण का लाइव टेलीकास्ट होगा।
योगी आदित्यनाथ के साथ 40 से 45 मंत्री भी शपथ लेंगे। दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा रहे हैं, केशव प्रसाद मौर्य का नाम लगभग तय है, दूसरा कौन होगा? यह अभी तक तय नहीं है। सूत्रों की माने तो दूसरे नाम के लिए 5 नाम शामिल है। इनमें दिनेश शर्मा, बेबी रानी मौर्य, बृजेश पाठक, स्वतंत्र देव सिंह, और एके शर्मा शामिल है। दिल्ली में देर रात तक चली बैठक में इन नामों पर चर्चा हुई है। हालांकि अभी तक मंत्रियों के नाम और संख्या के बारे में कोई ऑफिशियल जानकारी पार्टी की तरफ से नहीं दी गई है। योगी मंत्रिमंडल में प्रोफेशनल और युवा चेहरों को ज्यादा तवज्जो दी जानी तय है। ऐसे में अपर्णा यादव, असीम अरुण, राजेश्वर सिंह, आशीष पटेल जैसे नाम शामिल किए जाने की चर्चा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण में भाजपा शासित 12 राज्यों के सीएम आएंगे। इनमें मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा से मनोहर लाल खट्टर, अरुणाचल प्रदेश से पेमा खांडू, मणिपुर से एमएम बीरेन सिंह, हिमाचल प्रदेश से जयराम ठाकुर, त्रिपुरा से बिप्लब देव, गोवा से प्रमोद सावंत, असम से हेमंत बिस्वा शर्मा, कर्नाटक से बसवराज बोम्मई, गुजरात से भुपेंद्र पटेल, उत्तराखंड से पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे। इनके अलावा पांच डिप्टी सीएम भी शामिल होंगे। इनमें तारकेश्वर सिंह (बिहार), रेणु देवी (बिहार), यानथुंगो पैटन (नागालैंड), चौना मीन (अरुणाचल प्रदेश), और जिष्णु देव वर्मा (त्रिपुरा) शामिल हैं।

रिर्पोट -तान्या अग्रवाल

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.