पीएम सूर्यघर योजना से प्रदेश में ऊर्जा क्रांति की तैयारी, एक करोड़ घरों को मिलेगा सोलर पावर का लाभ

0 26

गौतमबुद्धनगर: प्रदेश में ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना’ तेजी से आगे बढ़ रही है। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे प्रत्येक परिवार को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।

प्रभारी परियोजना अधिकारी यूपी नेडा, गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि यह योजना न केवल बिजली बचत को बढ़ावा देगी, बल्कि आम लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगी। योजना का संचालन उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण द्वारा किया जा रहा है।

सब्सिडी के तहत मिल रहा बड़ा आर्थिक लाभ

योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट क्षमता पर अधिकतम 45 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपये और तीन से दस किलोवाट तक की क्षमता पर अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपये तक का अनुदान निर्धारित किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आसान

योजना का लाभ उठाने के लिए इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में सबसे पहले पोर्टल पर पंजीकरण करना होता है। इसके बाद आवेदन पत्र भरकर संबंधित विद्युत वितरण निगम से अनुमोदन प्राप्त किया जाता है। अनुमोदन मिलने के बाद सोलर पैनल की स्थापना, नेट मीटरिंग और बैंक विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।

बिना गारंटी ऋण की भी सुविधा

योजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए तीन किलोवाट तक की क्षमता के सोलर सिस्टम पर लगभग 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर बिना गारंटी ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के उपभोक्ताओं को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ

योजना का लाभ केवल भारतीय नागरिकों को मिलेगा। आवेदक के पास स्वयं का छतयुक्त मकान होना चाहिए, जिसमें वैध बिजली कनेक्शन मौजूद हो। साथ ही, आवेदक ने पहले किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का लाभ न लिया हो। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, नवीनतम बिजली बिल, मोबाइल नंबर और बैंक पासबुक या रद्द चेक जैसे दस्तावेज जरूरी होंगे।

बिजली बचत के साथ आय का भी अवसर

इस योजना का एक अहम पहलू यह भी है कि उपभोक्ता अपनी जरूरत से अधिक बिजली पैदा कर उसे ग्रिड को बेच सकते हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त आय का स्रोत भी मिलेगा और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

जानकारी के लिए कहां करें संपर्क

योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक लोग कार्यदिवस में परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा कार्यालय, कक्ष संख्या-111, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर में संपर्क कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.