एमएसएमई उद्यमियों के लिए बढ़े सरकारी खरीद और बाजार के अवसर, आईआईएलएम विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन

0 20

गौतमबुद्धनगर: एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी खरीद, विपणन सहायता और नए बाजारों से जोड़ने के उद्देश्य से आईआईएलएम विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 150 से अधिक उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

यह कार्यशाला इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) की पहल पर भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय (डीएफओ), ओखला, नई दिल्ली तथा आईआईएलएम विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।

उद्यमी बड़ा सपना देखें, निर्यात और रोजगार बढ़ाने में दें योगदान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गौतमबुद्धनगर औद्योगिक विकास, परिधान उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स और निवेश के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन निवेशकों के लिए अनुकूल कारोबारी वातावरण तैयार करने और अधिक उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, सरकारी खरीद, विपणन सहायता और निर्यात के अवसरों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं। उद्यमियों से आह्वान करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे अपने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास करें और रोजगार सृजन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने में सहायक होंगी ऐसी पहल

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक उद्यमी को अपने उद्योग के विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी निर्वहन करना चाहिए। उद्योगों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।

उन्होंने इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन की ओर से उद्योग हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि संस्था उद्योग जगत और सरकार के बीच एक प्रभावी माध्यम के रूप में काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन एमएसएमई क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ उद्यमियों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में मददगार साबित होंगे।

सरकारी खरीद, जीईएम पोर्टल और निर्यात से जुड़े विषयों पर दी गई जानकारी

कार्यशाला में एमएसएमई मंत्रालय की ओर से डॉ. आर. के. भारती, स्टेट डायरेक्टर सुनील कुमार, डिप्टी डायरेक्टर एमएसएमई-डीएफओ ओखला तथा डिप्टी डायरेक्टर एमएसएमई ओ.पी. सिंह सहित विशेषज्ञ अधिकारियों ने भाग लिया।

इस दौरान सरकारी खरीद प्रक्रिया, जीईएम पोर्टल, खरीद एवं विपणन सहायता योजना, विक्रेता विकास, निर्यात संवर्धन और बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उद्यमियों को विस्तृत जानकारी दी गई।

उद्यमियों को योजनाओं का लाभ उठाने का किया गया आह्वान

कार्यशाला में उद्यमियों को सरकारी विभागों में विक्रेता पंजीकरण, विपणन के अवसरों, डिजिटल मार्केटिंग, गुणवत्ता प्रमाणन और एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने उद्यमियों से अपील की कि वे उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने उद्योगों का विस्तार करें और देश की आर्थिक प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

आईआईएलएम विश्वविद्यालय और आईबीए के पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में आईआईएलएम विश्वविद्यालय की ओर से वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) नील राय, प्रो वाइस चांसलर राजे मोहन, सीनियर मैनेजर राजकुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और शिक्षाविद मौजूद रहे।

वहीं इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष सुधीर त्यागी और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में उद्यमियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय कार्यशाला को उद्योग जगत के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ सरकारी खरीद और नए बाजारों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.