मेरा नाम अरविंद केजरीवाल है और मैं आतंकवादी नहीं हूं

0 37

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले में अभी तिहाड़ जेल में बंद हैं। अब सीएम केजरीवाल ने जेल के अंदर से अपना मैसेज भिजवाया है। इस मैसेज में सीएम केजरीवाल ने कहा है, मेरा नाम अरविंद केजरीवाल है और मैं आंतकवादी नहीं हूं। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल द्वारा जेल से भेजे गए मैसेज के बारे में जानकारी दी है। संजय सिंह ने कहा, अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के लिए यानी जिन जनता के लिए उन्होंने बेटे-भाई जैसा काम किया उस जनता के लिए एक संदेश भेजा है कि मेरा नाम अऱविंद केजरीवाल है और मैं आतंकवादी नहीं हूं।

संजय सिंह ने आगे कहा, ऐसा व्यवहार आप अरविंद केजरीवाल के साथ कर रहे हैं, आतंकवादियों जैसा। आपको शर्म नहीं आती है। संजय सिंह ने कहा कि दुर्भावना की वजह से केजरीवाल से उनकी पत्नी और उनके परिवार के सदस्यों की मुलाकात बीच में शीशे की दीवार खड़ी कर करवाई जाती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा, पंजाब जैसे सूबे के मुख्यमंत्री जिनको जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है औऱ दिल्ली के तीन बार के निर्वाचित मुख्यमंत्री की मुलाकात शीशे की दीवार खड़ी कर कराई जाती है। बीजेपी और पीएम मोदी ने इस कार्रवाई से यह जाहिर कर दिया है कि उनके मन में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नफरत और बदले की भावना भरी हुई है। अपने ही देश में, अपने ही मुख्यमंत्री के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है। चौबीस घंटे सीसीटीवी की निगरानी की जा रही है। चौबीस घंटे प्रताडि़त करने की योजना बनाई जा रही है। चौबीस घंटे इसी बात पर दीमाग काम कर रहा है कैसे उनका मनोबल गिराया जाए।

संजय सिंह ने आगे कहा, ‘वो लोग (बीजेपी) चौबीस घंटे यही सोच रहे हैं कि कैसे केजीरवाल के परिवार वालों को अपमानित किया जाए और कैसे आप नेताओं को अपमानित किया जाए? अरविंद केजरीवाल दूसरी ही मिट्टी के बने हुए इंसान है। उन्होंने आईआरएस की नौकरी को लात मार कर देश सेवा का संकल्प लिया है। वो 49 दिन की सरकार से भी इस्तीफा दे चुके हैं। ये अरविंद केजरीवाल हैं, इनको तोडऩे की कोई भी कोशिश होगी तो ये और भी मजबूत होकर आपसे लड़ाई लडऩे का काम करेंगे।

संजय सिंह ने आगे बताया कि भगवंत मान ने बताया कि किस तरह उनकी मुलाकात अरविंद केजरीवाल से करवाई गई थी। वो भावुक हो गए थे और यह सभी के लिए भावुकता की बात है लेकिन बीजेपी के लिए यह शर्म की बात है। संजय सिंह ने कहा, ‘आप अगर कभी अपने मन में भी सोचेंगे तो पाएंगे कि आपने इंसानियत को मारने का काम किया है। इससे आप कोई अच्छा संदेश नहीं दे रहे हैं। इसलिए जो कुछ जेल में केजरीवाल के साथ हो रहा है आम आदमी पार्टी उसकी निंदा करती है। यह कृत्य तानाशाही वाला कृत्य है। केजरीवाल को तोडऩे की मंशा है। लेकिन केजरीवाल झुकेगा नहीं और टूटेगा नहीं। केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के लिए काम किया है और करते रहेंगे।

तिहाड़ जेल से केजरीवाल द्वारा भेजे गए संदेश पर अब बीजेपी की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई है। दिल्ली से भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने कहा, उनको आतंकवादी कौन कह रहा है। पता नहीं क्यों अरविंद केजरीवाल के साथी उनको आतंकवादी कहे जा रहे हैं। हम तो उनको भ्रष्टाचारी कह रहे हैं। दिल्ली के बुजुर्गों को बिना पेंशन के रुलाया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.