‘भारत को इस्लामिक देश बनाने की साजिश’, PFI के खिलाफ NIA की पहली चार्जशीट

0 336

नई दिल्ली : राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने प्रतिबंधित संगठन ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ के दो गिरफ्तार सदस्यों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। यह आरोप पत्र राजस्थान में संगठन द्वारा चलाई जा रही उग्रवादी गतिविधियों और एजेंडे से संबंधित मामले में दाखिल किया गया है।

NIA के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को कोटा के मोहम्मद आसिफ उर्फ ​​‘आसिफ’ और राजस्थान के बारां के सादिक सर्राफ पर यहां की एक विशेष अदालत में भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

यह संघीय एजेंसी द्वारा इस मामले में दाखिल किया गया पहला आरोप पत्र है, जिसे पिछले साल 19 सितंबर को NIA मुख्यालय, नई दिल्ली में दर्ज किया गया था। आसिफ और सर्राफ के अलावा उदयपुर के एक अन्य PFI सदस्य मोहम्मद सोहेल को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि यह मामला आपराधिक साजिश की जांच के सिलसिले में दर्ज किया गया था, जिसे PFI सदस्यों द्वारा भोले-भाले मुस्लिम युवाओं को कट्टर बनाकर और उन्हें हथियारों का प्रशिक्षण देकर भारत में विभिन्न समुदायों के बीच खाई पैदा करने के उद्देश्य से रचा गया था।

उन्होंने कहा कि आरोपियों का मकसद आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाकर भारत में 2047 तक इस्लामिक शासन कायम करना था। प्रवक्ता ने कहा कि वे (आशिफ और सर्राफ) PFI के प्रशिक्षित सदस्य हैं, जो हिंसक कृत्यों को अंजाम देने के वास्ते संगठन के लिए भोले-भाले मुस्लिम युवाओं की भर्ती करने में शामिल थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.