राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारी तेज, समन सेल प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक में दिए गए अहम निर्देश
गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला स्तर पर समन तामील की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक, समनों के तामील पर विशेष जोर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर की सचिव शिवानी रावत की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में समन सेल के प्रभारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए समनों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से तामील सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक पक्षकार लोक अदालत में उपस्थित हो सकें।
प्रचार-प्रसार को लेकर भी दिए गए निर्देश
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे आमजन को इस पहल की जानकारी मिल सके और वे अपने मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के माध्यम से करा सकें। अधिकारियों को जनजागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सचिव (पूर्णकालिक) शिवानी रावत के साथ समन सेल प्रभारी रोहतास और उप निरीक्षक विनोद भी उपस्थित रहे।