आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार जीत दर्ज करते हुए नया इतिहास रच दिया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर मिली बड़ी जीत के साथ हैदराबाद ने न सिर्फ अंक तालिका में लंबी छलांग लगाई, बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स का एक बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया।
6 मई को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत में हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन ने अहम भूमिका निभाई।
दोनों बल्लेबाजों ने पंजाब की कमजोर क्षेत्ररक्षण का पूरा फायदा उठाया और दमदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। हेनरिक क्लासेन को शुरुआती जीवनदान मिला, जिसके बाद उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 69 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं ईशान किशन ने 32 गेंदों पर 55 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
235 रन के लक्ष्य के सामने लड़खड़ा गई पंजाब किंग्स
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 202 रन ही बना सकी और मुकाबला 33 रन से हार गई। इस हार के बाद पंजाब को अंक तालिका में नुकसान उठाना पड़ा और टीम दूसरे स्थान पर खिसक गई।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने इस शानदार जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।
हैदराबाद में लगातार 9वीं जीत, बना नया इतिहास
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास में एक नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया। दरअसल, हैदराबाद ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर लगातार 9वीं जीत दर्ज की है।
यह आईपीएल इतिहास में किसी एक टीम द्वारा किसी एक विरोधी के खिलाफ एक ही मैदान पर लगातार सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड बन गया है। इससे पहले यह उपलब्धि चेन्नई सुपर किंग्स के नाम थी, जिसने चेन्नई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ लगातार 8 मुकाबले जीते थे।
अब सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 लगातार जीत के साथ नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। खास बात यह भी है कि हैदराबाद ने पंजाब के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर खेले गए 11 मुकाबलों में से 10 मैच जीते हैं।
इस उपलब्धि के साथ पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम आईपीएल में किसी एक मैदान पर किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने वाली दूसरी टीम बन गई है।