देश में समय से पहले दस्तक देने जा रहा मॉनसून, 16 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में झमाझम बारिश के संकेत

0 20

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और आंधी राहत के साथ तबाही भी ला रही है। मई की शुरुआत में कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन इसके बाद फिर गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम होते ही बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में खराब मौसम के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। अब लोगों की नजरें मॉनसून पर टिकी हैं और मौसम विभाग ने इसे लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है।

16 मई को मॉनसून देगा दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मॉनसून सामान्य समय से पहले सक्रिय होता नजर आ रहा है। विभाग का कहना है कि 16 मई को मॉनसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच जाएगा। इसके बाद मई के अंतिम सप्ताह में केरल के रास्ते भारत में मॉनसून की एंट्री होने की संभावना जताई गई है।

आमतौर पर मॉनसून केरल में 30 मई या एक जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 25 मई के करीब दस्तक देने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बार मॉनसून के जल्दी आने के पीछे अल नीनो का प्रभाव एक बड़ी वजह हो सकता है।

जून के मध्य तक कई राज्यों में होगी तेज बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि केरल में प्रवेश करने के बाद मॉनसून तेजी से देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ेगा। जून के मध्य तक कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा समय में प्री मॉनसून गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं, जिसकी वजह से दक्षिण भारत के कई हिस्सों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, कर्नाटक और केरल समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बदलते मौसम के बीच इन इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

वहीं उत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी मौसम राहत देने वाला रह सकता है। कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में 13 और 14 मई को बारिश का अनुमान जताया गया है।

इसके अलावा 14 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। 14 से 17 मई के बीच नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

अरुणाचल प्रदेश में 15 मई को, असम और मेघालय में 15 से 19 मई तक, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम में 13 से 15 मई तक तथा त्रिपुरा में 15, 18 और 19 मई को छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.