बड़ी खबर: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंचा तेल टैंकर ‘देश गरिमा’, समुद्र में एंकर पर खड़ा

0 24

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय तेल वाहक जहाज ‘देश गरिमा’ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर सुरक्षित भारत पहुंच गया है। यह क्रूड ऑयल टैंकर बड़ी मात्रा में तेल लेकर आया है और फिलहाल मुंबई तट से कुछ नॉटिकल मील दूर समुद्र में एंकर पर खड़ा है।

जानकारी के मुताबिक यह जहाज 18 अप्रैल को होर्मुज से रवाना हुआ था। क्षेत्र में आईआरजीसी की फायरिंग जैसी घटनाओं के बावजूद भारतीय ध्वज वाला यह टैंकर आगे बढ़ता रहा और अब सुरक्षित भारतीय जलसीमा तक पहुंच चुका है। जहाज पर 31 भारतीय नाविक सवार हैं, जिनकी सुरक्षित वापसी भी सुनिश्चित हो गई है। इस घटनाक्रम से देश में संभावित ईंधन संकट को लेकर बड़ी राहत मिली है।

तनाव के बीच होर्मुज पार करने वाला 10वां भारतीय जहाज
मार्च से खाड़ी क्षेत्र में बढ़े तनाव के बीच ‘देश गरिमा’ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंचने वाला दसवां भारतीय जहाज बन गया है। इस दौरान भारत ने स्पष्ट रूप से व्यापारिक जहाजों और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ईरान से सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की है। बदले हुए हालात और तेल आपूर्ति के दबाव के बीच ईरान पहले भी भारत को सहयोग देता रहा है और दोनों देशों के संबंध पारंपरिक रूप से मजबूत रहे हैं।

भारतीय जहाजों पर पहले हो चुकी है फायरिंग
इससे पहले दो भारतीय जहाज—वीएलसीसी सन्मार हेराल्ड और बल्क कैरियर जग अर्णव—पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करते समय आईआरजीसी की ओर से फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद दोनों जहाजों को वापस लौटना पड़ा था। भारत ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी, हालांकि उस दौरान जहाजों पर मौजूद क्रू मेंबर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।

गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद शुरू हुए संघर्ष के बीच यह पहली घटना थी, जब किसी भारतीय जहाज को निशाना बनाया गया। ऐसे माहौल में ‘देश गरिमा’ का सुरक्षित भारत पहुंचना रणनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.